दोस्तों, मैंने ज़िन्दगी के साठ साल में बहुत सारे उतार -चढ़ाव देखें हैं, और उनसे बहुत कुछ सीखा भी है। आज मैं इस लेख के द्वारा अपने उन्हीं सब अनुभवों को साझा करने जा रहा हूं। मेरा यह छोटा सा प्रयास अगर आपकी जिंदगी में कुछ बदलाव ला सके और आपको सफलता दिला सके तो मैं अपने आपको धन्य समझूंगा।
- मेरा ऐसा मानना है कि अगर आप किसी के साथ अच्छा व्यवहार करते हैं तो आपको हमेशा उसका परिणाम अच्छा ही मिलेगा।
- किसी की मदद करने से मन को जो ख़ुशी और शांति मिलती है वह अनमोल होती है।
- आपके पास हमेशा दो विकल्प होता है, पहला परिणाम की परवाह न करते हुए प्रयास करना और दूसरा बिना प्रयास के हार मानकर बैठ जाना।
- यदि आपके अंदर किसी काम को करने का जूनून है तो उसे जरुर करिये, क्योंकि यह कुछ नहीं करने से बेहतर होता है।
- जब भी आप अपने को दुखी महसूस करते हैं तो इस बात का ध्यान रखिये कि आपके पास कितना कुछ है, जो दूसरों के पास नहीं है।
- जब तक आप नहीं सीखना चाहोगे, तब तक आपको कोई भी कितना भी ज्ञानी क्यों न हो आपको कुछ नहीं सीखा सकता।
- इस दुनिया में झूठे और सच्चे दोनों ही तरह के लोग हैं, इसलिए किसी पर भी विश्वास करने से पहले उसे अपने विवेक से परखिये फिर विश्वास कीजिये।
- सफलता का एक ही मंत्र है, किसी काम की शुरुवात करके उसे बीच में न छोड़ें, बल्कि तब तक निरंतर लगे रहें जब तक वह पूरा न हो जाय।
- इस दुनिया में कोई काम अगर कोई भी एक व्यक्ति कर सकता है तो वह काम आप भी आसानी से कर सकते हैं।
- आप अपनी तुलना किसी और से न करें, क्योंकि आपके अंदर कुछ नायाब गुण हैं जो औरों में नहीं है।
- दुनियां में कुछ भी नामुमकिन नहीं है, अगर आप उसको हासिल करने की ठान लेते हैं तो उसे हासिल कर लेते हैं।
- वे लोग अपनी जिंदगी में कुछ नहीं कर पाते हैं, जो हमेशा कुछ न कुछ बहाने बनाते रहते हैं।
- हार और जीत जिंदगी का एक हिस्सा है, अगर आप हारने के बाद तुरंत उठकर पुनः काम पर नहीं लगते हैं, तो फिर आप कभी भी जीत हासिल नहीं कर पायेंगे।
- दूसरों को दिखाने के लिए नहीं बल्कि अपने आपको कुछ बनाने के लिए किसी काम को शुरू करोगे तो आप उसमें सफलता हासिल कर सकते हैं।
- प्रतियोगिता किसी दूसरे के साथ नहीं बल्कि ख़ुद के साथ करें।
- किसी भी चीज को हासिल करना इन्सान के लिए बिल्कुल मुश्किल नहीं है, अगर वह अपनी चाहत को अपनी जरुरत बना ले, तो उसको वह हासिल कर सकता है जो वह चाहता है।
- किसी भी रिश्ते को लम्बे समय तक निभाने के लिए यह जरुरी है कि आप ऐसा समझिये कि यह रिश्ता जैसे आज से ही शुरू हुआ है।
- अपनी जिंदगी का एक लक्ष्य बनाओ और फिर उसे पाने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दो।
- जब हम ख़ुशी बाहर तलाशते हैं तब हमें वह चीज न मिलने पर दुःख होता है।
- अगर आप जिंदगी में खुशहाल रहना चाहते हैं, तो दूसरों से उम्मीद रखना छोड़ दें। क्योंकि जब दूसरा व्यक्ति आप की उम्मीद पर खरा नहीं उतरता है तो आप दुःखी होते हैं।
- जब हम दूसरों से दुःखी होते है तो हम अपने आपको कमजोर बना लेते हैं।
- किसी भी व्यक्ति को अपनी गलती नहीं दिखती है, वह यह नहीं देखता की वह क्या कर रहा है, जिस दिन व्यक्ति अपनी गलती को समझ जाय तो उसकी जिन्दगी में सब कुछ चमत्कारिक रूप से बदल जाएगा।
- जिन्दगी में असफलता मिलना स्वाभाविक है, असफलता ही हमें सफलता पाने का सबक सिखाती है।
- असफलता और सफलता में बस एक ही अंतर होता है और वह है फोकस का।
- फोकस और कड़ी मेहनत से हम सब कुछ हासिल कर सकते हैं।
- संगत का हमारी जिंदगी पर बहुत बड़ा प्रभाव पड़ता है। हम जिस तरह के लोगों के साथ रहते हैं वैसे ही बन जाते हैं, इसलिए हमेशा सकारात्मक सोच वाले, खुशहाल और अच्छे लोगों के साथ रहें।
- सच्चा दोस्त वह नहीं है जो आपके हर सही - गलत में आपका साथ दे, बल्कि अगर आप गलत रास्ते पर जा रहे हों तो जो आपको रोके वही सच्चा दोस्त होता है।
- आपके हर सही - गलत में आपका साथ देने वाला आपका दोस्त नहीं, बल्कि आपकी खुशामद करके आपसे फायदा उठाने वाला चापलूस होता है।
- रिश्तों को लम्बे समय तक बखूबी निभाने के लिए जरुरी है कि, आप रिश्तों से कुछ पाने की उम्मीद कभी भी न पालें।
- माता – पिता के अलावा कोई और आपको निःस्वार्थ समर्थन या प्यार नहीं दे सकता।
- अगर आपके अंदर किसी काम को करने की दृढ इच्छा शक्ति और लगन हो तो आप उस काम को सफलता पूर्वक कर पाएंगे।
- जब किसी काम को करने के लिए आप अंदर से उत्साहित होते हैं तो उस काम को करने में आपको आनंद आता है और आप उसे सफलतापूर्वक पूरा कर पाते हैं।
- जिंदगी के किसी भी एक क्षेत्र में अगर आप असफल हो जाते हैं तो इसका यह कतई मतलब नहीं है कि आपकी पूरी जिंदगी नाकारा है, असफल है, बल्कि आप अपनी जिंदगी के उस एक हिस्से में असफल हैं उसमें आपको अधिक मेहनत करने की, ध्यान देने की जरुरत है।
- हमारे लिए शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों ही पैसा और शोहरत से ज्यादा जरुरी है।सकारात्मक बुक पढना या मोटिवेशनल वीडियो देखना हमें काफी मदद करता है, इससे हमारी सोच विकसित होती है।
- मैं जब भी अपने कैरियर को लेकर चिंतित होता हूं तो मैं सोचता हूं कि, मेरे पास कम से कम इतनी आमदनी तो है कि मैं अपने परिवार का भरण - पोषण कर सकता हूं।
- जब भी हम काम को महत्व देना छोड़कर पैसों के पीछे भागने लगते हैं, तब हम हतोत्साहित हो जाते हैं।
- अगर हम किसी एक चीज पर अपना पूरा फोकस रखते हैं तो उसमें हम बहुत महारत हासिल कर लेते हैं।
- किताबी ज्ञान और सुनी सुनाई बातों के अलावा हमें प्रत्यक्ष रूप से प्रयोग करके अनुभव से ज्ञान लेना चाहिए।
- आप कहीं और से सीखें या न सीखें, लेकिन अपनी ज़िन्दगी से हमेशा सीखते रहें।
- बहुत ज्यादा या बहुत कम बोलने वाले दोनों ही तरह के लोगों को लोग बहुत पसंद नहीं करते हैं, इसलिए जितना जरुरी हो उतना ही बोलें। गलतियां करने से डरें नहीं, हां एक ही गलती को बार - बार न दुहराएँ। गलतियों से सीखें।
