शनिवार, 2 जनवरी 2021

2021 को अपना सर्वश्रेष्ठ वर्ष बनाने के लिए 9 आसान तरीके। 9 easy ways to make 2021 your best year EVER.



2020 चला गया। लेकिन जो दर्द इसने हमें दिए उनको हम इतनी आसानी से और जल्दी भूल नहीं पाएंगे। 2020 ने हमारे जीवन में बहुत सारे बदलाव लाए। हमारी जीवन शैली और काम के तरीके में भी बहुत बदलाव लाया है। आप माने या ना माने यह हमारे और आपके जीवन मे कुछ ऐसे निशान छोड़ कर जा रहा है जिसको भूल पाना नामुमकिन है। जो लोग हर दिन ऑफिस जाने और बॉस की कीच - कीच से परेशान थे, आज उन्हें घर से काम करना और भी ज्यादा मुश्किल लग रहा है। गृहिणियों के काम की महत्ता लोगों को समझ में आने लगी हैं कि कैसे महिलायें हर दिन घर में रहकर बिना किसी छुट्टी के, बिना शिकायत किये काम कर रही हैं। जो सम्मान आज तक घरेलू महिलाओं के काम को कभी नहीं मिला उसे लोगों ने समझा। जो बच्चे कभी स्कूल जाने में आना-कानी करते थे, आज उनको स्कूल जाने का महत्त्व समझ आ गया।  टेक्नालजी के महत्व को नकारने वालों को आज उसकी महत्ता का आभास हुआ। साल २०२० ने रिश्तों की अहमियत को लोगों को भली भाँति समझा दिया है। 
इंसान की फितरत है हमेशा आगे बढ़ते रहना। लोग 2020 की परेशानियों को झेलते हुए आगे बढ़ रहे हैं और आने वाले वर्ष 2021 में जीवन को ज़्यादा बेहतर और अच्छा बनाने की कोशिश कर रहे हैं। हमें यह समझने की जरुरत है कि आगे आने वाले साल को बेहतर बनाना हमारे ही हाथ में हैं। हमारा निर्णय, हमारी समझदारी ही आने वाले साल को हमारे लिए श्रेष्ठ बना सकती है।  
हम यहाँ पर कुछ तरीकों के बारे में चर्चा करेंगे जिन्हें अपनाकर आप आने वाले साल 2021 को बेहतर बना सकते हैं। 

1) अपने स्वास्थ्य को अपनी पहली प्राथमिकता बनाएं - 


 

साल 2020 ने हमें यह सिखा दिया कि यदि हमारा स्वास्थ्य सही रहा तो बाकी सब अपने आप बेहतर हो जाता है। इसलिए आने वाले साल 2021 में हमारे लिए सबसे ज़रूरी काम होगा कि हम अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दें। बेहतर स्वास्थ्य बनाये रखने के लिए नियमित व्यायाम करना, समय पर स्वास्थप्रद और पौष्टिक आहार लेना चाहिए। हमें अपनी रोग प्रतिरोधक शक्ति को बढ़ाने की कोशिश करना चाहिए।

2) बुरे समय के लिए बचत करें  - 

 


साल 2020 ने लोगों को यह भी अच्छी तरह से समझा दिया कि हमें अपने अनदेखे बुरे दिनों के लिए हमेशा तैयारी रखनी चाहिए। आप चाहे कितनी भी अच्छी कमाई क्यों न कर रहे हों, लेकिन अगर अपने अपने बुरे समय के लिए कुछ संचित नहीं किया है तो आपका जीवन दूभर हो सकता है। बुरे समय पर आपकी बचत ही आपके काम आने वाली है। 2020 जैसी बुरी स्थिति वापस न आये हमारी यही कामना है लेकिन हमें इस बात को भी नहीं भूलना चाहिए कि परिस्थितियाँ हमारे हाथ में नहीं होती हैं बुरा समय किसी पर भी किसी भी समय आ सकता है। इसलिए हमें बुरे समय के लिए अपनी कमाई का कुछ हिस्सा जरूर बचाना चाहिए। बुरे समय के लिए आर्थिक रूप से अपने आप को तैयार रहना हमारी जिंदगी को सुगम और खुशहाल बनाती है।  

3) संबंधों में मजबूती बनाये रखें  - 

साल 2020 ने हमें अपने और गैरों की पहचान करा दी सभी लोगों को पता चल गया कि कौन हमारा असली शुभचिंतक है और कौन नहीं ? कौन आपके बुरे दिनों मे बिना सोचे समझे हमेशा आपके साथ तैयार खड़ा रहता है और कौन नहीं ? इस अनुभव का अपने जीवन में पूर्णतः उपयोग करें और जिन लोगो ने आर्थिक शारीरिक और भावनात्मक रूप से आपका साथ दिया हैं उन्हें भविष्य मे हमेशा महत्व दें। उनके द्वारा किये सहयोग के लिए कृतज्ञता व्यक्त करें। साथ ही साल 2021 को अपने इन संबंधों को और भी मजबूत करने में लगाएं।

4) अतीत से सीख लें  - 

साल 2020 की आपदाओं से आपने जो कुछ भी सीखा है, जो कुछ भी समझ पाए हैं, उसका उपयोग साल 2021 और आगे आने वाले अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए करें। सबक सीख कर उसका अपने जीवन में सही उपयोग करने मे ही समझदारी हैं, चाहे वह आपके स्वास्थ्य से संबंधित हो, आपकी आर्थिक स्थिति या रिश्तों के बारे में हो।

5) अपने लक्ष्य के प्रति केंद्रित रहें - 

आपका जो भी लक्ष्य हो उसको पाने के लिए पूरी तरह से गंभीर हो कर काम करें। आपके द्वारा उठाये गए हर समझदारीपूर्ण कदम से आप अपने लक्ष्य के करीब पहुँचते हैं। आपका अविवेकपूर्ण कदम आपको अपने लक्ष्यों से दूर ले जाता है। साल 2020 ने लोगों को अपने लक्ष्यों तक पहुंचने के रास्ते में रोड़े अटकाये। लोग अपने लक्ष्यों को हासिल नहीं कर पाए। यदि आप भी उनमें से एक हैं तो आपको इस साल उन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए दुगनी मेहनत करने की जरुरत है। लक्ष्यों को हासिल करने के लिए आपको अपने लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करना पड़ेगा। 

6) नए कौशल सीखें, कुछ नया करने की कोशिश करते रहें - 

समय के साथ अपने आपको बदलने के लिए तैयार रहें। दुनियां आगे बढ़ रही है और लोग नित नए राह पर आगे बढ़ रहे है। जो समय के साथ अपने अंदर बदलाव नहीं लाएगा, नयी चीजें सीखने के लिए तैयार नहीं होगा वह पीछे छूट जायेगा। साल 2020 में आपने देखा ही होगा कि कैसे Technology ने ज़्यादातर व्यवसायों को इस मुश्किल की घड़ी मे सहयोग दिया। मैं ये नहीं कहता कि सिर्फ़ Technology के बारे में जानें। कोई भी नयी चीज या नया हुनर सीखें। नयी चीजों को सीखने और और उसका उपयोग करने से ही आपके जीवन में खुशहाली आ सकती है। 

7) अपने लिए समय निकाले - 

आप को जो चीज आनंदित करती है वह करने के लिए समय निकालें। अपनी सेहत के लिए, अपने बौद्धिक विकास के लिए, अपनी मानसिक शांति के लिए समय निकालकर कुछ न कुछ जरूर करें। अपनी खुशहाली पर ध्यान दें। जब आप खुशहाल रहेंगे तो आप अपना सर्वश्रेष्ठ जीवन जी पायेंगें। जब आपके दिमाग में शांति का अनुभव होगा तभी आप कुछ अच्छा कर पाएँगे। इसलिए आपको अपनी दैनिक ज़िम्मेदारियों के बीच अपने लिए कुछ समय जरुर निकालना चाहिए।

8) सोशल मीडिया का उपयोग सोच समझ कर करें - 

सोशल मिडिया एक अच्छा माध्यम है, परंतु हमें उसका उपयोग सोच समझ कर करना चाहिए। हमें इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि कहीं हम सोशल मिडिया पर अपना पूरा दिन अनावश्यक रूप से तो नहीं व्यतीत कर रहे हैं। हमको यहाँ अपना दिन खपाने से हमें क्या लाभ मिल रहा है। सोशल मिडिया का उपयोग अपनी भलाई के लिए करें। यहाँ से कुछ नया सीखने की कोशिस करें। इसका उपयोग अपनी प्रतिभा को  दुनियाँ को दिखाने के लिए करें। ताकि आपको इसका कुछ फ़ायदा मिल सके। 

9) सप्ताह में एक दिन विराम लें और छुट्टी की योजना बनाएं - 

रोज़ रोज एक ही जैसी दिनचर्या से इंसान उब जाता हैं। अपने मानसिक संतुलन को बनाये रखने और सामान्य जिंदगी जीने के लिए हमें हर दिन अपनी व्यस्त दिनचर्या में से कुछ समय विराम करने के लिए निकालना चाहिए। साल में कम से कम एकाध बार लंबी छुट्टी लेना चाहिए और हो सके तो पर्यटन स्थल की यात्रा की योजना बनाना चाहिए। जब कभी भी हम बाहर जाने का प्रोग्राम बनायें तो हमें अपने काम से पूरी तरह से दूरी बनानी चाहिए, काम की कोई चिंता पर्यटन स्थल पर नहीं होना चाहिए। जो आराम करना नहीं जानता, वह कभी भी अच्छा काम नहीं कर सकता।  मानसिक विराम उत्पादकता को बढ़ाते हैं, ध्यान आकर्षित करते हैं, यादों को ठोस करते हैं और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करते हैं। कुछ समय निकालें। छुट्टी का आनंद लें। अपने प्रियजनों के साथ क्वालिटी टाइम बिताएं। अपनी पसंदीदा गतिविधि का आनंद लें। कुछ न करना आलस्य नहीं है। यह एक उत्पादक ठहराव है।


“आराम सिर्फ एक छुट्टी नहीं है, यह मस्तिष्क के लिए उतना ही अपरिहार्य है जितना कि शरीर के लिए विटामिन डी की आवश्यकता होती है।''  इससे वंचित रहने पर हम मानसिक दुःख झेलते हैं।  यह, किसी भी काम को करने के लिए जरूरी है।


बस अपने दिमाग को शक्ति देने और तरोताजा होने का मौका देने से जीवन में बहुत फर्क पड़ता है। आप अपने मस्तिष्क को रिबूट कर सकते हैं और उसे खोल सकते हैं।


इन सभी तरीको से काफी बदलाव आएंगे परन्तु यह इतना आसान नहीं हैं; आपको नये साल को बेहतर बनाने के लिए स्वयं ही प्रयत्न करते रहना होगा।