एक आदमी के चार बेटे थे। वह नहीं चाहता था कि उसके बेटे किसी भी चीज़ या परिस्थिति के बारे में अपनी राय तुरंत बना लें और कोई भी निर्णय ले लें। इसलिए उसने अपने चारों बेटों के साथ एक प्रयोग करने का निर्णय लिया। उसने नाशपाती के पेड़ के बारे में जानकारी इकठ्ठा करने के लिए अपने चारो बेटों को जिम्मेदारी सौंपी। लेकिन उसने अपने प्रत्येक बेटे को अलग-अलग मौसम में भेजा। सबसे बड़े बेटा को सर्दियों में भेजा, दूसरे बेटे को वसंत ऋतू में, तीसरे बेटे को गर्मियों में और सबसे छोटे बेटे को शरद ऋतु में भेज दिया।
उन सभी के वापस लौटने के बाद उनके अनुभवों को सुनने के लिए पिता ने उन्हें इकट्ठा किया।
सबसे बड़े बेटे ने बताया कि पेड़ बीभत्स, बदसूरत और मरा हुआ था। 
दूसरे बेटे ने असहमति जताई और कहा कि पेड़ सभी हरी कलियों के साथ सुंदर और ताजा लग रहा था। 
तीसरे बेटे ने भी कहा कि पेड़ सभी खिले हुए फूलों के साथ शोभायमान लग रहा था। 
चौथा बेटा अपने सभी भाइयों से असहमत था और कह रहा था कि जब तक वह पेड़ के पास पहुंचा तो वह पेड़ मीठे और पके फलों से लदा था। 
तब उस आदमी ने अपने बेटों से कहा कि तुम सभी लोग पेड़ों के बारे में बिलकुल ठीक राय रखा है , क्योंकि तुम सबने पेड़ को उसके जीवन के विभिन्न चरणों के दौरान देखा है। इसलिए अपनी जगह पर तुम सभी लोग दुरुस्त हो। पिता ने बच्चों से कहा कि तुम लोग हमेशा इस अनुभव को याद रखना और कभी भी किसी व्यक्ति को उनके जीवन के किसी एक पहलू से मत आंकना। किसी भी व्यक्ति की भावनाओं का अंदाज़ा कभी भी किसी एक घटना के आधार पर नहीं लगाना चाहिए।
पिता ने अपने बच्चो को बताया कि ठीक इसी तरह हमारा जीवन भी चार भावनाओं का मिश्रण होता है जो समय के अनुसार बदलता रहता है। हमारा जीवन इन चार भावनाओं प्यार, नफरत, खुशी और दुःख का मिश्रण होता हैं। जब तक हम किसी भी व्यक्ति के इन चारो पहलुओं से परिचित नहीं हों तब तक हमें उसके बारे में कोई भी राय नहीं बनाना चाहिए। लेकिन व्यवहारिक दुनियां में ऐसा नहीं होता है। किसी भी व्यक्ति के बारे में उसके किसी एक पक्ष को जानकर कभी भी निर्णय नहीं लेना चाहिए। किसी पर भी उंगली उठाने से पहले हमें उसके सभी पहलुओं के बारे में पूरी जानकारी ले लेनी चाहिए।
हम इस कहानी से एक और बात सीख सकते हैं। यदि हम सर्दी के अनुभव को छोड़ देते हैं, तो हम अपने वसंत ऋतू के लाभों की अहमियत को नहीं समझ पाएंगे, गर्मियों की सुंदरता और शरद ऋतु के आनंद को पाने के लिए हमें सभी चारों ऋतुओं के बारे में अनुभव लेना पड़ेगा। कोई भी एक चुनौतीपूर्ण मौसम आपके पूरे जीवन का फैसला नहीं कर सकता। एक दिन आप की जिंदगी में भी खुशहाली के फूल खिलेंगे। और आपकी जिंदगी पटरी पर लौट आएगी। एक कठिन परिस्थिति को कभी भी अपने पुरे जीवन को प्रभावित करने का मौका न दें।